मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने गो-पूजन किया और इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री के जन्मस्थान पहुंचते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
पहले किया गो-पूजन, फिर भगवान श्रीकृष्ण के किए दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में रहे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले गो-पूजन किया। इसके बाद वह भागवत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने देशवासियों के कल्याण और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। जन्माष्टमी के मौके पर जन्मस्थान पहुंचे श्रद्धालुओं में भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं पर की पुष्पवर्षा
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पुष्पवर्षा होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। पूरा श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर जयकारों से गूंज उठा।
सनातन परंपरा को लेकर बोले CM योगी
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत पर कई बार आक्रांताओं ने आक्रमण किए और देश की संस्कृति तथा सनातन परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास भी हुए। हालांकि, सनातन की आस्था और विश्वास को कोई डिगा नहीं सका।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचता है।
जन्मभूमि पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और जन्मस्थान की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
देशभर से मथुरा पहुंचे श्रद्धालु
जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कान्हा की जन्मभूमि पर मुख्यमंत्री की पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा ने जन्माष्टमी के धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया। पूरा परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंजता रहा।



Leave a Reply