
वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय एयर शो का समापन 25 अक्टूबर को होगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एसपीजी ने नमो घाट पर डेरा डाल दिया है। सुरक्षा कारणों से शनिवार सुबह 10:15 बजे से पुलिस लाइन से नमो घाट जाने वाला रास्ता बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
नमो घाट से एयर शो देखेंगे प्रधानमंत्री मोदी
काशी में ‘विंग्स ऑफ गंगेज’ थीम पर आयोजित एयर शो के मुख्य कार्यक्रम स्थल के रूप में नमो घाट को तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। उनके आगमन के दौरान संबंधित सड़क पर यातायात रोका जाएगा।
कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।

32 स्कूलों के 3150 बच्चे देखेंगे एयर शो
एयर शो के दौरान जिले के 32 विद्यालयों के करीब 3150 बच्चों को भी विमान करतब देखने का अवसर मिलेगा। कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों का चयन किया गया है। बच्चों को नमो घाट तक लाने और वापस ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इसकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह को दी गई है।
वायुसेना के विमानों की प्रस्तुति में लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और अलग-अलग फॉर्मेशन शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से कमांडो के रस्सी के सहारे क्रूज पर उतरने जैसी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गंगा पार डोमरी से दिखेगा फाइटर जेट्स का नजारा
एयर शो देखने के लिए घाटों पर पहुंच रहे लोगों के अनुभव अलग-अलग रहे। कुछ दर्शकों ने अस्सी और केदारघाट से विमान स्पष्ट रूप से नहीं दिखने की बात कही, जबकि दशाश्वमेध घाट पर कई विमानों के करतब देखने को मिले।
स्थानीय दर्शकों के अनुभवों के अनुसार, डोमरी घाट से लड़ाकू विमानों का बेहतर नजारा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा राजघाट और भैंसासुर घाट से भी विमानों की कलाबाजी देखी जा सकती है। गाय घाट, पंचगंगा घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट और दशाश्वमेध घाट से भी एयर शो देखने के विकल्प हैं।
सुबह 10 बजे से पहले पार करें राजघाट पुल
यातायात व्यवस्था के तहत राजघाट पुल से गंगा पार जाने वाले लोगों को सुबह 10 बजे से पहले निकलने की सलाह दी गई है। निर्धारित समय के बाद डायवर्जन लागू होने पर रास्ता बंद किया जा सकता है। डोमरी पहुंचने के लिए सामनेघाट से रामनगर होते हुए पड़ाव मार्ग का विकल्प भी बताया गया है।
नमो घाट पर प्रवेश केवल वायुसेना द्वारा जारी पास के आधार पर मिलेगा। पास धारकों को सुबह 9:30 बजे तक पहुंचने और अपने पास पर निर्धारित जोन में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस ने नमो घाट और आसपास कुल 10 पार्किंग स्थल बनाए हैं।
धूप और भीड़ से बचने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
एयर शो के दौरान घाटों पर भारी भीड़ और तेज धूप की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। पहले दिन कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह के मुताबिक, दर्शकों को घाट तक पैदल चलना पड़ सकता है। ऐसे में अपने साथ पानी की बोतल, छाता, टोपी और खाने की सामग्री रखना उपयोगी होगा। धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन और आंखों की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा भी साथ रखने की सलाह दी गई है। घाटों पर अस्थायी अस्पतालों के साथ मंडलीय और जिला अस्पतालों की टीमें भी अलर्ट रहेंगी।
एयर शो के चलते उड़ानों पर भी पड़ेगा असर

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को नोटिस टू एयरमिशन (NOTAM) जारी नहीं होने के कारण विमानों का संचालन सामान्य रहा। हालांकि, स्पाइसजेट की वाराणसी से पुणे जाने वाली उड़ान संख्या SG 526 परिचालन संबंधी कारणों से देरी से रवाना हुई। इसे दोपहर 3:50 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान ने शाम 5:40 बजे उड़ान भरी।
24 और 25 अक्टूबर को NOTAM के कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नियमित विमानों के संचालन पर असर पड़ेगा। निर्धारित उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान का संशोधित समय पता करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply