उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन के एलान के साथ सियासी हलचल तेज हो गई है। सांसद चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिलाते हुए नए गठबंधन की घोषणा की है। इस गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। खास बात यह है कि गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आपके सामने जो तस्वीर है, उसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। फिलहाल इसमें दो दल शामिल हैं। उन्होंने इसे तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा बताते हुए कहा कि यह एक मजबूत गठबंधन बनेगा। जैसे-जैसे कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्ग के लोग इससे जुड़ेंगे, इसकी ताकत बढ़ती जाएगी।
बहुजन समाज के अधिकारों को लेकर उठाए सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक दल बहुजन समाज के साथ खड़े होने और उनके अधिकारों के लिए काम करने का वादा करते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बदलाव नहीं हुआ। सरकारें और मुख्यमंत्री बदलते रहे, लेकिन बहुजन समाज की समस्याएं बनी रहीं।
उन्होंने बेरोजगारी, सामाजिक उत्पीड़न और आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दों को उठाया। आजाद ने कहा कि अब अपमान सहने के बजाय समाज को खुद ताकतवर बनना होगा और किसी के सामने अपने अधिकारों के लिए हाथ नहीं फैलाना होगा। उन्होंने पीड़ित, शोषित और वंचित वर्गों की मदद करने की बात भी कही।
हाथरस समेत कई घटनाओं का किया जिक्र
प्रेसवार्ता में चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने जेल जाने और जमानत के बाद एनएसए लगाए जाने का जिक्र किया। इसके अलावा हाथरस कांड, प्रयागराज, गोरखपुर, कासगंज और संतकबीरनगर में झोपड़ियां जलाए जाने तथा काकोरी में पासी समाज के व्यक्ति के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया।
ओवैसी बोले- बेरोजगारों और किसानों के मुद्दों पर होगी लड़ाई
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को लेकर कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए यह गठबंधन एक मजबूत विकल्प बनेगा।
ओवैसी ने कहा कि आगामी चुनाव में बीजेपी को रोकने के साथ-साथ बेरोजगारों और किसानों के मुद्दों पर भी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की पुष्टि की। दोनों नेताओं ने प्रदेश में सामाजिक बदलाव लाने और भविष्य को ध्यान में रखकर राजनीति करने की बात कही।
इस गठबंधन के एलान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में कितना प्रभाव डाल पाता है।


Leave a Reply