यूपी चुनाव: कार्यसमिति की बैठक के लिए लखनऊ पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, 2027 के लिए बनेगी विशेष रणनीति

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।

डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का शुभारंभ अमित शाह ने किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, जितिन प्रसाद समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए।

तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति पर होगा मंथन

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करना है। इसके लिए बैठक में राजनीतिक एजेंडा पेश कर चुनावी रणनीति का खाका तैयार किया जाएगा।

तीन सत्रों में आयोजित इस बैठक के दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। जिन क्षेत्रों और बूथों पर पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी।

राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक फैसलों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले इस बैठक को संगठन की तैयारियों का आकलन करने और कार्यकर्ताओं तक चुनावी संदेश पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

‘जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर’ के मंत्र पर काम करेगी पार्टी

कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, राजनीतिक एजेंडे और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी ‘जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर’ के मंत्र के साथ काम करेगी। बैठक को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पंजीकरण, भोजन, यातायात और सजावट सहित सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक प्रस्ताव में संगठनात्मक कार्यों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी राजनीतिक एजेंडे को प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं, धर्मपाल सिंह ने आयोजन को ऐतिहासिक, संदेशपरक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूर्व तैयारी, माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क के साथ काम करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *