दयारा बुग्याल मिस्ट्री: 10 दिन बाद भी नहीं मिला बबीता पांडे का सुराग। ड्रोन, डॉग स्क्वाड और हेलीकॉप्टर से जारी सर्च ऑपरेशन

उत्तरकाशी के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 24 वर्षीय ट्रेकर बबीता पांडे की तलाश लगातार जारी है।घटना के 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। युवती की खोज के लिए पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों द्वारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

ड्रोन, डॉग स्क्वाड और हेलीकॉप्टर से हो रही तलाश

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय की निगरानी में चल रहे अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), आईटीबीपी, सेना, वन विभाग और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें जुटी हुई हैं।

खोज अभियान के तहत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग, जंगलों, गहरी खाइयों, झाड़ियों, गदेरों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी ली जा रही है। आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है। वहीं हेलीकॉप्टर के जरिए पूरे ट्रेक क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया है।

झीलों और दलदली क्षेत्रों में डीप सर्च

एसडीआरएफ की छह सदस्यीय डीप डाइविंग टीम ने दयारा और गोई बेस कैंप के आसपास मौजूद झीलों, जल स्रोतों और दलदली क्षेत्रों में भी विशेष तलाशी अभियान चलाया है। प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान में कोई भी संभावित स्थान छोड़ा नहीं जा रहा है।

सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और CDR की जांच

पुलिस दयारा बुग्याल और रैथल क्षेत्र के होटल, गेस्ट हाउस और अन्य ठहराव स्थलों की जांच कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है।मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

दोनों साथियों पर दर्ज है मुकदमा

परिजनों की तहरीर पर 31 मई 2026 को कोतवाली मनेरी में युवती के दोनों साथियों के खिलाफ धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस संभावित आपराधिक एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है।

100 से अधिक लोगों से पूछताछ

अब तक ट्रेकर्स, गाइड, स्थानीय निवासी, पोर्टर, बकरवाल, घोड़ा-खच्चर संचालकों सहित 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। दयारा ट्रेक के तीन प्रमुख मार्गों—रैथल, वार्सू और नटीण—पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा चुकी है।

सोशल मीडिया के जरिए भी मांगा जा रहा सहयोग

पुलिस ने आसपास के जिलों और थानों में गुमशुदगी के पोस्टर और पंपलेट चस्पा किए हैं। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी आम जनता से सहयोग की अपील की जा रही है।लापता युवती बबीता पांडे (24 वर्ष) पुत्री गोपाल पांडे, निवासी चिल्किया, रामनगर (नैनीताल) की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है।

पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

यदि किसी व्यक्ति को बबीता पांडे के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकता है:

  • SHO मनेरी: 9411112863
  • जांच अधिकारी: 8193990347
  • पुलिस कंट्रोल रूम उत्तरकाशी: 9411112976

हर एंगल से जांच जारी

पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश और मामले की जांच हर संभावित पहलू पर की जा रही है। लगातार दस दिन से अधिक समय से चल रहे इस व्यापक सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने से यह मामला और अधिक रहस्यमय होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *