
देहरादून। उत्तराखंड के हर्रावाला में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हर्रावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया।
सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट निवासी परिवार से हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री के साथ हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है, जबकि सृष्टि सरकारी विद्यालय में प्रवक्ता (शिक्षिका) थीं। शादी के करीब आठ महीने बाद, 29 जुलाई को सृष्टि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे “मनहूस” और “अपशकुनी” कहकर प्रताड़ित करते थे तथा घर में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। शिकायत में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपों की जांच जारी है।
शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर अपने विस्तृत बयान दर्ज कराए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी तरह निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
परिजनों का कहना है कि सृष्टि अक्सर अपनी मां से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की बात करती थी, लेकिन परिवार और रिश्ते को बचाने की उम्मीद में उसने कभी खुलकर शिकायत नहीं की। परिवार का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना और मानसिक तनाव ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया था।
सृष्टि की मौत के बाद उनके कथित अंतिम वीडियो ने भी मामले को चर्चा में ला दिया है। हालांकि पुलिस ने वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply