उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। चारों ओर बर्फ से ढकी चोटियों और बीच में स्थित बाबा केदार के मंदिर का मनमोहक नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। हालांकि, खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।
बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी से पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मंदिर के आसपास का खूबसूरत नजारा देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। मौसम की चुनौतियों के बावजूद यात्रियों की आवाजाही जारी है और भक्त बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, ठंड से बचने की सलाह
धाम में लगातार गिरते तापमान और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, अपनी सेहत का ध्यान रखने और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए मौसम एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि प्रतिकूल परिस्थितियों में किसी तरह की परेशानी न हो।
निचले इलाकों में भी बदला मौसम, कई जगह बारिश
केदारनाथ धाम के साथ ही रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह से जनपद मुख्यालय सहित गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम में आए बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों ने भी गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
अब तक 18.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। आंकड़ों के अनुसार, 29 अक्टूबर को कुल 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।


Leave a Reply