उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के बाद अब शीतकालीन दर्शन के लिए भी होगा पंजीकरण, पहली बार लागू हो सकती है नई व्यवस्था

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के समापन के बाद अब शीतकालीन यात्रा को व्यवस्थित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत पहली बार शीतकाल में चारों धामों के प्रवास स्थलों पर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है। इससे पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और यात्रा से जुड़ा डाटा तैयार किया जा सकेगा।

दरअसल, चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। वहीं, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा छह महीने के लिए स्थगित हो जाएगी। हालांकि, कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे। शीतकाल में चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होती है।

इन स्थानों पर होंगे शीतकालीन दर्शन

शीतकाल के दौरान बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। वहीं, मां गंगोत्री की पूजा मुखबा और मां यमुनोत्री की पूजा खरसाली में होती है। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना से जुड़ी परंपराएं भी शीतकालीन प्रवास स्थलों पर निभाई जाती हैं। इस दौरान शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में होती है। श्रद्धालु इन सभी स्थानों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकते हैं।

2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। वर्ष 2024 में चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे थे।

अनिवार्य नहीं होगा पंजीकरण, सुरक्षा के लिहाज से बनेगा रिकॉर्ड

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए शीतकालीन यात्रा में भी पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है। ऐसे में पंजीकरण को अनिवार्य नहीं किया जाएगा।

इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी जुटाना और सुरक्षा के लिहाज से डेटा रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे शीतकालीन यात्रा को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने के साथ ही उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *