देहरादून: मोहब्बेवाला हादसे में चार की मौत के बाद NHAI और PWD पर मुकदमा, सड़क की ढलान और तीव्र मोड़ बने वजह

देहरादून के मोहब्बेवाला में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि सड़क पर सुरक्षा से जुड़ी खामियों को लेकर बार-बार चेतावनी देने और पत्राचार करने के बावजूद संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

पुलिस ने चार नवंबर की रात पटेलनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर में सड़क निर्माण और यातायात सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर पहलुओं को उठाया गया है।

हादसे में चार लोगों की हुई थी मौत, बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू

मोहब्बेवाला में एक कार और कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इस भीषण हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कार में मौजूद छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। हादसे के बाद सड़क की बनावट और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे थे।

तीव्र मोड़ और ढलान पर नहीं लगाए गए चेतावनी संकेत

आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की तहरीर के अनुसार, नवनिर्मित NH-72A (दिल्ली-देहरादून-पांवटा मार्ग) पर यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। सड़क पर जरूरी साइन बोर्ड, ट्रैफिक मार्किंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतकों की कमी बताई गई है। इसके अलावा रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है।

तहरीर में मोहब्बेवाला के पास सड़क किनारे गड्ढे, अचानक आने वाले तीव्र मोड़ और ढलान को भी दुर्घटनाओं की संभावित वजह बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन खामियों के कारण वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे, चेतावनी के बावजूद कार्रवाई नहीं

पुलिस की तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित स्थान पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए हैं। पुलिस की ओर से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को कई बार पत्र भेजकर सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के लिए कहा गया था, लेकिन आरोप है कि इस दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पटेलनगर थाने में NHAI और PWD के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना एक उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।

पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों के साथ-साथ सड़क निर्माण, सुरक्षा मानकों और संबंधित विभागों की कथित लापरवाही की जांच करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *