हरिद्वार बाघ शिकार मामला: वन विभाग की रिमांड में मुख्य आरोपित आमिर हमजा

हरिद्वार, 30 मई । हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों के शिकार के सनसनीखेज मामले में वन विभाग को न्यायालय से मुख्य आरोपित आमिर हमजा उर्फ मियां की तीन दिन की रिमांड मिल गई है। रिमांड अवधि के दौरान वन विभाग की टीम हमजा से गहन पूछताछ कर बाघों के गायब पंजों की बरामदगी और पूरे शिकार नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास करेगी।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि बाघों के शिकार की पूरी साजिश आमिर हमजा ने ही रची थी। आरोप है कि उसने मृत भैंस के शव पर जहरीला रसायन छिड़ककर बाघों को निशाना बनाया। बाघों की मौत के बाद उनके पंजे भी काट लिए गए थे। हालांकि घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और जहरीला रसायन पहले ही बरामद किया जा चुका है, लेकिन दोनों बाघों के पंजे अब तक नहीं मिल पाए हैं।

वन विभाग की एसडीओ पूनम सिलोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है, जो क्राइम सीन रीक्रिएट कराएगी। मामले में पहले ही आमिर हमजा के चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तारी के दबाव के बीच आमिर हमजा ने सीधे अदालत में आत्मसमर्पण किया था। अब रिमांड मिलने के बाद वन विभाग उससे यह जानने की कोशिश करेगा कि बाघों के पंजे कहां छिपाए गए हैं और क्या इस शिकार कांड के पीछे कोई बड़ा वन्यजीव तस्करी गिरोह सक्रिय है।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वन विभाग को उम्मीद है कि इस कांड के मास्टरमाइंड हमजा से पूछताछ के बाद बाघों के शिकार से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *