गौ तस्कर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद

हरिद्वार, 17 मई । पुलिस ने अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नम्बर प्लेट की स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर सीज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान जयराम मोड़ पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नम्बर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर वाहन को रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम परवेज उर्फ अल्लाहदिया पुत्र निसार निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ आश्रमों और सड़कों से गाय चोरी कर इसी वाहन से ले जाकर बेचता था। आरोपित ने यह भी कबूला कि 13 मई की रात सप्तसरोवर स्थित एक आश्रम की गौशाला से गाय चोरी कर बेची गई थी। बिक्री से मिले पैसों में से 5100 आरोपित के पास से बरामद किए गए। घटना के संबंध में कोतवाली नगर में पूर्व में मुकदमा दर्ज है। वहीं अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *