सावधान! उत्तराखंड के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, ऊंचे इलाकों में हिमपात

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

जारी चेतावनी के तहत संबंधित जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से लेकर सामान्य से ऊपर रहा। आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।

देहरादून में मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *