दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में हिमाचल प्रदेश का मंडप लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहाड़ी कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक खाद्य उत्पादों की खूब मांग देखने को मिल रही है। कुल्लू की पारंपरिक शॉल और ऊनी स्टॉल से लेकर सिरमौर के फलों के जैम और बिलासपुर के पहाड़ी घी तक, कई स्थानीय उत्पाद खरीदारों को लुभा रहे हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा दुर्लभ गुच्छी मशरूम (Morel Mushroom) की है, जिसकी कीमत गुणवत्ता के अनुसार 15 हजार से 40 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही है।
15 स्टॉल पर दिख रही हिमाचल की पारंपरिक पहचान
हिमाचल प्रदेश के मंडप में कुल 15 स्टॉल लगाए गए हैं। यहां बड़े ब्रांड के साथ स्थानीय बुनकरों, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। राज्य के लगभग सभी जिलों के कारीगर और कारोबारी अपने पारंपरिक उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
कुल्लू के आयुष सूद के स्टॉल पर समुद्री बकथॉर्न, गुच्छी मशरूम, शहद, शिलाजीत और शिंगू जीरा जैसे पहाड़ी उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें गुच्छी मशरूम खरीदारों का खास ध्यान खींच रही है।
40 हजार रुपये किलो तक है गुच्छी मशरूम की कीमत
गुच्छी मशरूम को मोरेल (Morel) के नाम से भी जाना जाता है। यह पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से पाई जाती है। इसका संग्रह करना काफी कठिन होता है और बाजार में इसकी उपलब्धता भी सीमित रहती है। इसी वजह से इसकी कीमत काफी अधिक है।
आयुष सूद के मुताबिक, अच्छी गुणवत्ता वाली सूखी गुच्छी मशरूम 25 हजार से 40 हजार रुपये प्रति किलो तक बिकती है। वहीं, आकार, गुणवत्ता और उपलब्धता के आधार पर इसकी शुरुआती कीमत करीब 15 हजार रुपये प्रति किलो है।
सिरमौर की महिलाओं ने फलों से तैयार किए जैम
व्यापार मेले में महिला उद्यमिता की झलक भी देखने को मिल रही है। सिरमौर की रुहानी तोमर और रितिका तोमर अपने स्टॉल पर पहाड़ी फलों से तैयार जैम लेकर पहुंची हैं।
दोनों उद्यमी आड़ू, आलूबुखारा और खुबानी जैसे स्थानीय फलों को प्रसंस्कृत कर बाजार तक पहुंचा रही हैं। उनके स्टॉल पर जैम के एक पैक की कीमत 275 रुपये रखी गई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए करीब 10 फीसदी की छूट भी दी जा रही है।
पहाड़ी घी और चटनियों का भी स्वाद
बिलासपुर की इंद्रा ठाकुर के स्टॉल पर हिमाचल के पारंपरिक खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं। यहां सेब, पपीता, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और आम की चटनियां 100 से 270 रुपये तक मिल रही हैं।
इसके अलावा पहाड़ी गाय का घी 1,400 रुपये प्रति लीटर और सेब का शहद 900 रुपये प्रति किलो की कीमत पर उपलब्ध है। स्थानीय स्वाद के शौकीन लोग इन उत्पादों में खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
कुल्लू की शॉल में दिखी पारंपरिक बुनाई
हिमाचल प्रदेश की पहचान मानी जाने वाली कुल्लू की शॉल और ऊनी स्टॉल भी मेले में खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। कुल्लू के जयदेव ठाकुर के मुताबिक, उनके यहां पारंपरिक तरीके से शॉल और स्टॉल तैयार किए जाते हैं। इनमें मेरिनो भेड़ की ऊन के साथ अंगोरा खरगोश की ऊन का भी इस्तेमाल किया जाता है।
वहीं, कुल्लू के नोक सिंह के स्टॉल पर शॉल 2,000 से 6,500 रुपये और ऊनी स्टॉल 1,200 से 4,500 रुपये तक उपलब्ध हैं।
कई संस्थाएं भी ले रही हैं हिस्सा
हिमाचल प्रदेश के मंडप में भुट्टिको कुल्लू, हिम इरा, हिमाचल हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट और नूरपुर सिल्क मिल्स जैसी संस्थाएं भी हिस्सा ले रही हैं। इनके माध्यम से राज्य के हथकरघा, हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्रों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
इस तरह व्यापार मेले के जरिए हिमाचल के स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार और ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।


Leave a Reply