
महेंद्र सिंह धोनी के IPL करियर का अंत क्रिकेट जगत के लिए भावुक पल बन गया है। करीब दो दशक तक अपनी कप्तानी, शांत स्वभाव और शानदार फिनिशिंग के लिए पहचान बनाने वाले माही अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें IPL 2027 से पहले टीम का मेंटर नियुक्त किया है। उनके इस नए सफर की शुरुआत से पहले क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भावुक संदेशों के साथ उन्हें विदाई दी।
जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, सुरेश रैना, इरफान पठान और दिनेश कार्तिक समेत कई खिलाड़ियों ने धोनी के साथ बिताए पलों को याद किया। वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी खास अंदाज में माही के प्रति अपना सम्मान जताया।
बुमराह ने धोनी से क्या कहा?
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने धोनी के संन्यास पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि धोनी उनके पसंदीदा क्रिकेटर रहे हैं और वह उन्हें सबसे ज्यादा अपना आदर्श मानते थे। बुमराह ने यादगार पलों के लिए माही का आभार जताया और उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं।
जडेजा ने कही दिल की बात
धोनी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स में 12 सीजन बिताने वाले रवींद्र जडेजा ने सोशल मीडिया पर खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘आठ का सात के लिए सम्मान हमेशा रहेगा।’
जडेजा के इस संदेश में दोनों खिलाड़ियों की जर्सी के नंबरों के जरिए उनके रिश्ते और आपसी सम्मान की झलक देखने को मिली।
वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने धोनी को भारतीय क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि धोनी ने कप्तान और फिनिशर के रूप में जो विरासत बनाई है, उसकी बराबरी करना मुश्किल होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि धोनी का अनुभव और ज्ञान आने वाली पीढ़ी के क्रिकेटरों को प्रेरित करता रहेगा।
चहल ने याद किया टीम इंडिया में डेब्यू का दिन
भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने धोनी के साथ अपने करियर का एक खास पल याद किया। उन्होंने बताया कि माही ने ही उन्हें भारतीय टीम की डेब्यू कैप सौंपी थी।
चहल ने लिखा कि यह ऐसा पल है, जिसे वह जीवनभर संजोकर रखेंगे। उन्होंने धोनी के मार्गदर्शन, भरोसे और मेंटरशिप के लिए उनका धन्यवाद किया। साथ ही CSK के साथ नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके सफर के नए अध्याय की शुरुआत है।
रैना बोले- कुछ दिग्गज कभी संन्यास नहीं लेते
धोनी के सबसे करीबी साथियों में शामिल रहे सुरेश रैना ने भी भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि कुछ साझेदारियां क्रिकेट से आगे होती हैं, कुछ रिश्ते बाउंड्री से भी आगे होते हैं और कुछ दिग्गज कभी वास्तव में संन्यास नहीं लेते।
रैना ने धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और ट्रॉफियां जीतने के पलों को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने साथ में जीत का जश्न मनाया और कई चुनौतियों का सामना किया।
धोनी की जर्सी नंबर 7 का जिक्र करते हुए रैना ने कहा कि यह जर्सी भले ही अब मैदान पर नहीं उतरेगी, लेकिन उनकी विरासत हमेशा चेपॉक की धड़कन बनी रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि CSK के मेंटर के रूप में धोनी का शांत दिमाग, निडर स्वभाव और खेल की समझ अगली पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। रैना ने उन्हें हमेशा अपना ‘थाला’ बताते हुए कहा कि भूमिका बदल सकती है, लेकिन विरासत नहीं।
वैभव सूर्यवंशी ने भी साझा की तस्वीर
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी धोनी के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की।
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी धोनी के लिए खास विदाई संदेश जारी किया। फ्रेंचाइजी ने उनके करीब दो दशक के सफर, ट्रॉफियों, यादगार मुकाबलों और आखिरी गेंद तक हार न मानने वाले अंदाज की सराहना की। टीम ने क्रिकेट को आगे बढ़ाने और प्रशंसकों को खुशी देने के लिए उनका धन्यवाद किया।
धवन और ब्रावो ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने धोनी के नेतृत्व, शांत स्वभाव और क्रिकेट पर उनके प्रभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भले ही मैदान से एक कदम पीछे हट जाए, लेकिन खेल पर उसका प्रभाव जारी रहता है। धवन ने CSK में नई भूमिका के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने लिखा, ‘शुक्रिया कप्तान! आपकी विरासत हमेशा जीवित रहेगी। जल्द मुलाकात होगी, मेरे भाई।’
दिनेश कार्तिक ने कहा- खबर सुनकर दुख हुआ
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने धोनी के संन्यास की खबर पर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें थोड़ी उदासी हुई, क्योंकि धोनी का क्रिकेट सफर बेहद शानदार और उनकी सफलता असाधारण रही है।
कार्तिक ने धोनी के खिलाफ गेंदबाजी करने की चुनौती को याद करते हुए बताया कि टीमें उन्हें रोकने के लिए खास रणनीतियां बनाती थीं। इसमें स्टंप यॉर्कर और वाइड यॉर्कर जैसी गेंदें शामिल थीं, लेकिन धोनी कई बार इन गेंदों पर भी छक्के लगा देते थे।
उन्होंने कहा कि जब तक आखिरी ओवरों में धोनी क्रीज पर मौजूद रहते थे, तब तक विपक्षी टीम को जीत हासिल करना मुश्किल लगता था। कार्तिक के मुताबिक, धोनी की सबसे बड़ी ताकत उनकी कप्तानी और नेतृत्व क्षमता थी। उन्होंने कई खिलाड़ियों का करियर बनाया और पूरी टीम को एक इकाई के रूप में साथ लेकर चलने की अनोखी क्षमता दिखाई।
धोनी के संन्यास के साथ IPL के एक लंबे दौर का अंत हो गया है, लेकिन CSK के मेंटर के रूप में उनकी नई भूमिका से क्रिकेट जगत को उनसे जुड़े रहने का एक और मौका मिलेगा।

Leave a Reply