जम्मू-कश्मीर में लश्कर का आखिरी स्थानीय आतंकी ढेर: अमित शाह ने सुरक्षाबलों को दी बधाई, बोले- बेहतर तालमेल का नतीजा

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। इस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय का परिणाम है।

अमित शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को ढेर कर दिया। इससे एक दिन पहले उसका आतंकी सहयोगी उमर निसार भी कुलगाम में मारा गया था।

गृह मंत्री ने कहा कि इस अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से सफल बनाया गया। उन्होंने ऑपरेशन के दौरान सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की सराहना की और जवानों के साहस को सलाम किया।

क्या बोले भाजपा नेता रविंदर रैना?

लतीफ भट के मारे जाने के बाद भाजपा नेता रविंदर रैना ने सुरक्षाबलों की कार्रवाई को बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि लतीफ भट पर लाखों रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का पूरा मौका दिया था। इसके लिए उसके परिवार के सदस्यों को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।

रविंदर रैना के मुताबिक, आतंकी एक मस्जिद के अंदर छिप गया था। इस दौरान सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मस्जिद की पूरी मर्यादा बनाए रखी और उसकी दीवारों पर एक भी गोली नहीं चलाई। उन्होंने बताया कि लतीफ भट को उस समय मार गिराया गया, जब उसने वहां से भागने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *