पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर पाई-1 ऐच्छर शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। जांच में अब झारखंड कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस जांच के मुताबिक, पूर्व ब्रांच मैनेजर मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली हैं। वहीं, मामले में झारखंड के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिलने के बाद खाताधारकों और किसान संगठन ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
खाताधारकों का आरोप है कि बैंक प्रशासन पूरे मामले की जिम्मेदारी निलंबित कर्मचारी दीपांशी पर डाल रहा है, जबकि अन्य अधिकारियों की भूमिका की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि पूर्व ब्रांच मैनेजर समेत इस मामले से जुड़े सभी बैंककर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए, ताकि कथित वित्तीय गड़बड़ी और रकम के लेनदेन की पूरी कड़ी सामने आ सके।
पूर्व ब्रांच मैनेजर और आशुतोष पाठक की भूमिका पर उठे सवाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व ब्रांच मैनेजर झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली हैं। किसान नेता बृजेश भाटी ने आरोप लगाया कि मामले में सिर्फ दीपांशी के खिलाफ कार्रवाई करके अन्य बैंककर्मियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंक प्रशासन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि पूर्व ब्रांच मैनेजर और अन्य अधिकारियों की भूमिका की किस स्तर पर जांच की गई है।
खाताधारकों का दावा है कि ज्यादातर रकम आशुतोष पाठक के कहने पर ट्रांसफर की गई थी। आशुतोष पाठक भी झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। ऐसे में उसके संपर्कों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच करना जरूरी है। खाताधारकों और किसान संगठन ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
तीन संदिग्ध लेनदेन के डेबिट वाउचर का रिकॉर्ड नहीं मिला
बैंक की शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को एक महिला खाताधारक अपने पति और बेटी के साथ पासबुक अपडेट कराने सेक्टर पाई-1 ऐच्छर शाखा पहुंची थी। पासबुक अपडेट कराने पर खाते में तीन ऐसे लेनदेन दर्ज मिले, जिनकी जानकारी परिवार को नहीं थी।
इसके बाद महिला ने शाखा प्रमुख से मिलने की मांग की, लेकिन उस समय वह शाखा में मौजूद नहीं थीं। आरोप है कि इसी दौरान निलंबित कर्मचारी दीपांशी ने परिवार को इन संदिग्ध लेनदेन को सही बताने का प्रयास किया।
बाद में महिला के पति ने इस संबंध में शाखा प्रमुख से शिकायत की। मामले में तीनों संदिग्ध लेनदेन के Debit Vouchers का रिकॉर्ड भी नहीं मिल पाया है। इससे बैंक में हुए कथित वित्तीय घोटाले को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
खाताधारकों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
करीब 35 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में अब खाताधारक चाहते हैं कि जांच केवल एक कर्मचारी तक सीमित न रहे। उनकी मांग है कि पूर्व ब्रांच मैनेजर, अन्य बैंक अधिकारियों और झारखंड के खातों में रकम ट्रांसफर होने से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाए।
खाताधारकों का कहना है कि पूरे Bank Fraud Case में पैसों के ट्रांसफर की कड़ी सामने आने के बाद ही वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सकेगी।


Leave a Reply