PM मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बड़ा ऐलान, भारत से शुरू होगा बिग बैश लीग का 16वां सीजन

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे दिन खेल जगत से जुड़ी एक बड़ी घोषणा की गई। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने ऐलान किया कि बिग बैश लीग (BBL) के 16वें सीजन की शुरुआत पहली बार भारत से होगी।

घोषणा के अनुसार, 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित किया जाएगा।

खेल सहयोग को मिलेगी नई मजबूती

एमसीजी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों ने खेल सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी का समर्थन दोहराते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल साझेदारी नए आयाम स्थापित करेगी।

शेन वॉर्न स्टैंड का किया दौरा

प्रधानमंत्री मोदी और एंथनी अल्बानीज ने एमसीजी के प्रतिष्ठित शेन वॉर्न स्टैंड का भी दौरा किया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व क्रिकेटर लीसा स्थालेकर भी मौजूद रहीं।

दोनों नेताओं ने खेलों के माध्यम से दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया और भविष्य में क्रिकेट समेत अन्य खेलों में साझेदारी को और विस्तार देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *