चारधाम यात्रा: नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार। लाखों की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

चारधाम यात्रा-2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।इसी कड़ी में बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 9.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई जा रही है।

फूलचट्टी के पास चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चारधाम यात्रा मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 जून की शाम यमुनोत्री हाईवे पर फूलचट्टी के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 9.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

देहरादून निवासी आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल चौहान (26 वर्ष) निवासी ग्राम म्यूंडा, थाना चकराता, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कोतवाली बड़कोट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी जानकीचट्टी उपनिरीक्षक राजेश कुमारअपर उपनिरीक्षक रमेश लाल तथा मुख्य आरक्षी संजय कुमार शामिल रहे।

चारधाम यात्रा में जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा, शांतिपूर्ण यात्रा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उत्तरकाशी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर नियमित चेकिंग और निगरानी के चलते नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *