हिमाचलः भूकंप और अग्नि सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को किया जागरूक

रिकांगपिओ: केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में आपदा प्रबंधन विषय पर भूकंप एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण कार्यत्कम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने और दूसरों की सहायता करने के लिए जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान गृह रक्षक प्रथम वाहिनी के वरिष्ठ प्लाटून कमांडर बुध राज, प्लाटून हवलदार प्रेम कुमार, प्लाटून कमांडर वीरेंद्र तथा प्रशामक सुनील ने विद्यार्थियों को खोज एवं बचाव, प्राथमिक चिकित्सा, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं दूसरों की सुरक्षा के साथ अग्निशमन के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सही तकनीकों का उपयोग करना अत्यंत आवश्यक होता ह, जिससे जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। विद्यालय के प्राचार्य संजीव राणा ने प्रशिक्षण दल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस ज्ञान को अपने जीवन में अपनाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि आपात स्थितियों में अधिक से अधिक जीवन बचाए जा सकें। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण में अहम भागीदारी निभाई और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को व्यवहारिक रूप से समझा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *