उत्तराखंड: मसूरी पहुंचीं BJP सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज, 2027 चुनाव से पहले संगठन की टटोल रहीं नब्ज; कार्यकर्ताओं से लेंगी फीडबैक

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 (Assembly Elections 2027) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा की राष्ट्रीय नेता और लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज गढ़वाल मंडल के दौरे पर हैं। उत्तराखंड की सह-प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद वह पहली बार मसूरी पहुंचीं। यहां उनका स्वागत भारत के पहले लेखक गांव की निदेशक और भाजपा नेता डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की पुत्री विदुषी निशंक ने किया। इस दौरान दोनों के बीच समसामयिक, सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।

2027 के चुनाव से पहले गढ़वाल की जिम्मेदारी

भाजपा संगठन ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बांसुरी स्वराज को गढ़वाल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी के तहत वह इन दिनों गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों का दौरा कर रही हैं। उनके प्रवास का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों को समझना और संगठन की तैयारियों का जायजा लेना है।

इस दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं। बैठकों में संगठन की गतिविधियों, क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। साथ ही कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति और जनता के बीच चल रहे मुद्दों को लेकर फीडबैक भी लिया जा रहा है।

मसूरी में विदुषी निशंक ने किया स्वागत

मसूरी प्रवास के दौरान विदुषी निशंक ने बांसुरी स्वराज से आत्मीय मुलाकात की और उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विभिन्न समसामयिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

विदुषी निशंक ने मुलाकात को सुखद और स्मरणीय बताते हुए कहा कि बांसुरी स्वराज के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से गढ़वाल क्षेत्र का यह दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *