चमोली: गैरसैंण में विकास को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने 231.91 करोड़ की 12 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तराखंड के चमोली जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन योजनाओं के तहत पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को छह योजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 197.87 करोड़ रुपये है। वहीं, 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ से बनेगा बांध

शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की परियोजना है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।

वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए 12.16 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए 22.75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कुमोली रैवान मोटर मार्ग के लिए 6.99 करोड़ रुपये और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों के लिए 5.60 करोड़ रुपये की योजनाएं भी शामिल हैं।

सड़क, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 14.82 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम का भी लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना भवन का भी उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, शैक्षिक सुविधाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इन विकास योजनाओं के माध्यम से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने, सड़क सुविधाओं में सुधार लाने तथा सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *