TRAI का बड़ा फैसला: बिना डेटा वाले प्लान का विकल्प देना होगा, कम आय वाले ग्राहकों को राहत

TRAI ने दूरसंचार कंपनियों को केवल वॉयस कॉल और SMS वाले किफायती रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। नए नियमों के तहत 30 दिन या उससे कम वैधता वाले ऐसे विशेष टैरिफ वाउचर (STV) पेश करने होंगे।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने दूरसंचार उपभोक्ताओं के लिए एक अहम बदलाव किया है। नए निर्देशों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा होगी। इन प्लान में डेटा शामिल करना जरूरी नहीं होगा।

TRAI के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को अधिक किफायती विकल्प उपलब्ध कराना है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। इससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार केवल कॉलिंग और SMS वाला प्लान चुन सकेंगे।

30 दिन या उससे कम वैधता वाले प्लान जरूरी

TRAI ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 में नए प्रावधान किए हैं। इसके तहत सेवा प्रदाताओं को 30 दिन और उससे कम वैधता वाले केवल वॉयस और SMS विशेष टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे।

इसके साथ ही, मौजूदा वॉयस, SMS और डेटा वाले STV की वैधता अवधि के अनुरूप केवल वॉयस और SMS वाले प्लान की कीमत में भी उचित कमी करनी होगी।

हर महीने एक ही तारीख पर हो सकेगा रिचार्ज

नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसा केवल वॉयस और SMS वाला STV भी उपलब्ध कराना होगा, जिसे हर महीने एक ही तारीख पर नवीनीकृत किया जा सके।

अगर किसी महीने में वही तारीख उपलब्ध नहीं है, तो प्लान का नवीनीकरण उस महीने की आखिरी तारीख को किया जाएगा।

इसके अलावा, कंपनियों को कम अवधि और मासिक वैधता वाले विकल्पों के साथ कम से कम एक ऐसा केवल वॉयस और SMS STV भी देना होगा, जिसकी वैधता लंबी हो।

TRAI ने क्यों बदले नियम?

TRAI ने बताया कि 2024 में किए गए संशोधन के बाद बाजार में केवल वॉयस और SMS वाले STV की उपलब्धता सीमित हो गई थी। जो प्लान उपलब्ध थे, उनमें मुख्य रूप से लंबी वैधता वाले विकल्प शामिल थे।

ऐसे में कम आय वाले उपभोक्ताओं और उन लोगों के लिए सीमित विकल्प रह गए थे, जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है। TRAI ने इसी स्थिति को देखते हुए कम अवधि वाले केवल वॉयस और SMS प्लान उपलब्ध कराने का फैसला किया है।

किन ग्राहकों को होगा फायदा?

इस बदलाव से खास तौर पर उन ग्राहकों को फायदा मिल सकता है जो डेटा का इस्तेमाल कम या बिल्कुल नहीं करते हैं। ऐसे उपभोक्ता अब डेटा वाले बंडल प्लान की जगह अपनी जरूरत के अनुसार केवल वॉयस और SMS वाला रिचार्ज चुन सकेंगे।

TRAI का कहना है कि नए नियमों से अलग-अलग वैधता अवधि में केवल वॉयस और SMS प्लान की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे ग्राहकों को अपने उपयोग और बजट के हिसाब से रिचार्ज चुनने में अधिक विकल्प मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *