ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में बादल; उधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने के आसार

देहरादून, 03 अप्रैल । उत्तराखंड में मौसम में फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई पर्वतीय जिलों में वर्षा, गर्जन और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है।

माैसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बारिश तथा 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। राज्य के अन्य पर्वतीय जनपदों और हरिद्वार में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि उधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने इन छह जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं, को लेकर ‘वॉच’ चेतावनी जारी की है।

देहरादून में आंशिक बादल

आज सुबह देहरादून में मौसम आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादलों से घिरा हुआ है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से लेकर काफी अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, आगामी 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

देहरादून में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। इसी तरह पंतनगर में 16.8 डिग्री, मुक्तेश्वर में 12.3 डिग्री और नई टिहरी में 12.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सभी स्थानों पर सामान्य से अधिक रहा।

पिछले 24 घंटों में राज्य में व्यापक वर्षा दर्ज नहीं की गई। मैनुअल प्रेक्षण केंद्रों में वर्षा शून्य रही, जबकि स्वचालित मौसम केंद्र के अनुसार गढ़वाल क्षेत्र के गरुड़ में 3.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने और विशेषकर खुले क्षेत्रों में बिजली चमकने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *