सीएम धामी से कैंप कार्यालय में सपरिवार मिले वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में राज्य के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने सपरिवार मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों के बीच अपने प्रकरण को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। पत्रकार हेम भट्ट ने अपने मामले से जुड़े विभिन्न संवेदनशील और आवश्यक बिंदुओं से मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराया।

वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट की बातों और प्रकरण के समस्त पहलुओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत एक्शन लिया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा इस पूरे प्रकरण में पूरी तरह से निष्पक्ष और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जांच में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले के सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही उचित और पारदर्शी कानूनी कदम उठाए जाएं।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को पूरी तरह आश्वस्त किया कि उनके साथ न्याय होगा। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में तथ्यों की गहनता से जांच करते हुए हेम भट्ट को न्याय दिलाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है।

कैंप कार्यालय में हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में इस पूरे विषय पर चर्चा हुई, जिससे यह साफ है कि शासन और प्रशासन इस मामले पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *