चार माह से लापता मूक युवक को पुलिस ने परिवार से मिलाया

हरिद्वार, 08 मई । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नाबालिगों, महिलाओं से जुड़े अपराधों एवं गुमशुदगी के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली श्यामपुर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई, जब पुलिस ने बिहार से चार माह से लापता एक मूक युवक को उसके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटा दी।

07 मई को थाना श्यामपुर पुलिस गश्त और चेकिंग के दौरान बाहरपीली क्षेत्र में एक युवक लावारिस अवस्था में घूमता मिला। युवक बोलने में असमर्थ था तथा मानसिक रूप से भी अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित थाना लाकर उसकी देखभाल की।

परिजनों की तलाश के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया सहित जिला और प्रदेश स्तर पर गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित माध्यमों पर जानकारी प्रसारित की। थाना श्यामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई का असर यह रहा कि मात्र तीन घंटे के भीतर युवक के भाई की पहचान राज नारायण यादव निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हो गई।

पूछताछ में युवक की पहचान नितीश कुमार पुत्र साधु यादव निवासी ग्राम बिहरानी, पोस्ट मच्छी, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा, बिहार के रूप में हुई, जो पिछले चार माह से लापता था। अपने भाई को सकुशल देखकर राज नारायण यादव भावुक हो उठे। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद थाना श्यामपुर पुलिस ने नितीश कुमार को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *