हल्द्वानी अमेज़न स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की जलकर मौत

हल्द्वानी : उत्तराखंड की व्यस्त कमर्शियल नगरी हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेजन के डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे में स्टोर में मौजूद दो कर्मचारी जिंदा जल गए। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है।

आग लगने के समय स्टोर का शटर बाहर से बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर आराम कर रहे थे। देखते-ही-देखते आग ने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

बचाव कार्य और पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही दमकल की टीम और हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी मनोज कत्याल के नेतृत्व में दल-बल ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक स्टोर पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था।

 

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया, “आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल टीम तत्काल पहुंची। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। दो कर्मचारियों की मौत हो गई है। उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, जांच की जा रही है।

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एसटीएच भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया है।

नुकसान का आंकलन

आग की चपेट में स्टोर का सारा सामान, चार्जिंग पर लगी स्कूटी और खड़ा टेंपो भी जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्टोर में इलेक्ट्रॉनिक्स, पैकेजिंग सामग्री और अन्य डिलीवरी आइटम्स रखे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *