काशी में कल से शुरू होगी शक्ति की आराधना, नौ दिनों तक देवी के नौ स्वरूपों की होगी पूजा; जानें घट स्थापना का मुहूर्त और नौ देवियों के मंदिर
वाराणसी: शिव की नगरी काशी में रविवार, 11 अक्तूबर से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होगा। इस बार नवरात्र की शुरुआत चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग के संयोग में हो रही है। घरों में कलश स्थापना के लिए सुबह 11:20 बजे से दोपहर 12:07 बजे तक 47 मिनट का शुभ मुहूर्त निर्धारित है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर शहर के मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
काशी में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। घरों में घट स्थापना के साथ ही शक्ति की उपासना शुरू हो जाएगी। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
प्रतिपदा तिथि से शुरू होगा नवरात्र
बीएचयू के ज्योतिषाचार्य सुभाष पांडेय के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 10 अक्तूबर की रात 9:19 बजे शुरू होकर 11 अक्तूबर की रात 9:30 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर रविवार, 11 अक्तूबर को नवरात्र का पहला दिन माना जाएगा। इस दिन चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग का संयोग रहेगा।
बीएचयू के ज्योतिषाचार्य प्रो. विनय पांडेय के मुताबिक, 11 अक्तूबर को सुबह 11:20 बजे से दोपहर 12:07 बजे तक घट स्थापना का शुभ मुहूर्त है। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से कलश स्थापित कर मां दुर्गा की आराधना शुरू कर सकते हैं।
नवरात्र के प्रमुख तिथियां और धार्मिक अनुष्ठान
-
16 अक्तूबर: बिल्व वृक्ष के पास देवी को निमंत्रण दिया जाएगा।
-
17 अक्तूबर: पत्रिका प्रवेश, सरस्वती पूजा और मूर्ति स्थापना होगी।
-
18 अक्तूबर: महाअष्टमी व्रत और रात्रि में महानिशा पूजन किया जाएगा।
-
19 अक्तूबर: महानवमी व्रत रखा जाएगा। सुबह 7:40 बजे के बाद दुर्गा पाठ और पूजन का होम शुरू होगा।
-
20 अक्तूबर: दुर्गा पाठ एवं होम सुबह 9:20 बजे तक किया जा सकेगा। देवी दुर्गा के घट और प्रतिमा आदि का विसर्जन भी इसी दिन होगा।
-
21 अक्तूबर: पूर्ण नवरात्र व्रत रखने वाले श्रद्धालु सुबह पारण करेंगे। भगवती की प्रतिमा का उत्थापन और विसर्जन भी इस दिन होगा।
काशी में नौ दिनों तक इन मंदिरों में होंगे मां के दर्शन
नवरात्र के प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूप की पूजा की जाती है। काशी में नौ देवियों के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन-पूजन की विशेष परंपरा है।
1. मां शैलपुत्री मंदिर, अलईपुर
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन का विधान है। इनका प्राचीन मंदिर वरुणा नदी के समीप अलईपुर में सिटी स्टेशन के पास स्थित है। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण देवी को शैलपुत्री कहा जाता है।
2. मां ब्रह्मचारिणी मंदिर, दुर्गा घाट
दूसरे दिन भक्त मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना करते हैं। दुर्गा घाट पर स्थित यह मंदिर देवी के तप, त्याग और ज्ञान के स्वरूप का प्रतीक माना जाता है।
3. मां चंद्रघंटा मंदिर, चौक
तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा होती है। इनका मंदिर चौक क्षेत्र के सूतटोला स्थित गोविंदपुरा गली में है। मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र धारण करने वाली देवी को कष्टों का निवारण करने वाली शक्ति माना जाता है।
4. मां कूष्मांडा मंदिर, दुर्गाकुंड
चौथे दिन दुर्गाकुंड स्थित प्रसिद्ध लाल पत्थर के दुर्गा मंदिर में मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है। मान्यता है कि अपनी मंद मुस्कान से मां ने ब्रह्मांड की रचना की थी।
5. मां स्कंदमाता मंदिर, जैतपुरा
पांचवें दिन जैतपुरा स्थित बागेश्वरी देवी मंदिर परिसर में मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन का विधान है। भगवान कार्तिकेय को स्कंद भी कहा जाता है। उनकी माता होने के कारण देवी का नाम स्कंदमाता पड़ा।
6. मां कात्यायनी मंदिर, सिंधिया घाट
छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। मान्यता के अनुसार, देवी महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रकट हुई थीं। इनका मंदिर सिंधिया घाट पर आत्मावीरेश्वर मंदिर के पास स्थित है।
7. मां कालरात्रि मंदिर, कालिका गली
सातवें दिन मां कालरात्रि की आराधना की जाती है। देवी का मंदिर गोदौलिया-चौक मार्ग पर कालिका गली में स्थित है। मां कालरात्रि को दुष्ट शक्तियों का संहार करने वाली महाशक्ति माना जाता है।
8. मां महागौरी, अन्नपूर्णा मंदिर
दुर्गाष्टमी पर मां महागौरी की पूजा की जाती है। काशी में विश्वनाथ मंदिर के समीप स्थित मां अन्नपूर्णा के मंदिर में इस दिन विशेष दर्शन-पूजन का महत्व है।
9. मां सिद्धिदात्री मंदिर, मैदागिन
नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। देवी को समस्त सिद्धियां प्रदान करने वाली शक्ति माना जाता है। इनका मंदिर मैदागिन स्थित गोलघर में सिद्धिमाता गली के पास कालभैरव क्षेत्र में है।
नौ दिनों तक चलने वाले शारदीय नवरात्र के दौरान काशी के इन मंदिरों में श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।


Leave a Reply