महिला अंडर-18 एशिया कप में भारत ने कोरिया को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की

नई दिल्ली, 31 मई । भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने रविवार को जापान के काकामिगाहारा में महिला अंडर-18 एशिया कप के पूल ए के अपने दूसरे मैच में कोरिया को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम के लिए नौशीन नाज, श्रुति कुमारी और किरण एक्का ने गोल किए, जबकि कोरिया की ओर से ग्योंगमिन रियू ने एक मात्र गोल किया।

मैच में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जिसे नौशीन ने चौथे मिनट में गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारतीय टीम ने अपना आक्रमण जारी रखा और दूसरे क्वार्टर में अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। 21वें मिनट में श्रुति ने शानदार फील्ड गोल दागकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।

हॉप टाइम के बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की और तीसरे क्वार्टर में 41वें मिनट में ग्योंगमिन रियू के गोल से स्कोर 2-1 हो गया। हालांकि, भारतीय टीम ने जल्द ही अपनी दो गोल की बढ़त फिर से हासिल कर ली। इस बार किरण एक्का ने 43वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया और मैच पर अपना दबदबा कायम कर लिया।

अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा और कोरिया को कोई और गोल करने का मौका नहीं दिया, जिससे भारत ने एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की।

मलेशिया और कोरिया के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच जीतने के बाद भारतीय टीम दो जून को पूल ए के अपने अंतिम मैच में सिंगापुर के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *