उत्तराखंड में हल्की वर्षा व बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में शुष्क रहेगा मौसम

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार है जबकि मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम, तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के बुधवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा, गरज के साथ बारिश अथवा 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।

माैसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे से सामान्य के बीच रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। आगामी 3 से 4 दिनों में राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

 

देहरादून में बुधवार सुबह मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। सुबह के समय धूप बादलों की ओट में निकलती रही और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद मौसम साफ होने लगा और धूप तेज हो गई। देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। देहरादून में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में 11.6, मुक्तेश्वर में 6.4 और नई टिहरी में 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिसमें बरकोट में 7 मिमी, लोहारखेत और मुनस्यारी में 3-3 मिमी और चमोली में 2.2 मिमी वर्षा शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *