शनिवार तड़के किच्छा क्षेत्र में अवैध मजार पर चला बुल्डोजर

रुद्रपुर। शनिवार तड़के जिले के किच्छा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन और भारतीय रेलवे की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।

जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा मजार प्रबंधकों को पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे। 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को जारी नोटिसों में संबंधित पक्ष से भूमि के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। हालांकि, मजार प्रबंधकों की ओर से ना तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और ना ही अवैध निर्माण को हटाया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने 25 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और शनिवार सुबह तड़के अवैध मजार को हटाने का अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के अवशेष या संवेदनशील सामग्री नहीं मिली, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सकी।

प्रशासन के अनुसार, यह अवैध मजार रेलवे की विस्तार योजना में बड़ी बाधा बन रही थी। इसके अलावा बरेली-नैनीताल राज्य मार्ग के चैड़ीकरण कार्य में भी यह निर्माण रुकावट पैदा कर रहा था। ऐसे में सार्वजनिक परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्रवाई को जरूरी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *