पटना। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया बिना मतदान के ही पूरी हो गई। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। बुधवार को सभी नवनिर्वाचित सदस्य प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए विधानसभा पहुंचे।
निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर के अलावा जनता दल (यूनाइटेड) के निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद शामिल हैं। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी तथा राष्ट्रीय जनता दल के सुनील कुमार सिंह भी विधान परिषद के सदस्य चुने गए हैं।

जीत के बाद समर्थकों का किया अभिवादन
प्रमाण-पत्र लेने विधानसभा पहुंचे राजद के सुनील कुमार सिंह और लोजपा (रामविलास) के अशरफ अंसारी ने अपनी खुशी जाहिर की। विधानसभा परिसर में दोनों नेताओं ने विजय का संकेत देते हुए समर्थकों का अभिवादन किया और निर्विरोध निर्वाचन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
लालू यादव के जन्मदिन पर मिला विशेष उपहार
राजद नेता सुनील कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन उनके लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें विधान परिषद सदस्यता का प्रमाण-पत्र मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस अवसर पर लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया के सवालों पर निशांत कुमार ने नहीं दी प्रतिक्रिया
वहीं जदयू के उम्मीदवार निशांत कुमार से जब पत्रकारों ने उनके राजनीतिक भविष्य और परिषद सदस्य बनने को लेकर सवाल पूछे, तो उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। वह बिना प्रतिक्रिया दिए सीधे प्रमाण-पत्र लेने के लिए आगे बढ़ गए। उनकी चुप्पी विधानसभा परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।
बिहार विधान परिषद की इन 10 सीटों पर सभी उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के बाद चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। अब सभी नवनिर्वाचित सदस्य जल्द ही अपने पद की जिम्मेदारियां संभालेंगे।

Leave a Reply