
नई दिल्ली। राजनीतिक विश्लेषक और सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने शनिवार को दावा किया कि E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ प्रस्तावित विरोध मार्च और अनशन से पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें उनके घर में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी लिखित आदेश के उनके घर के बाहर तैनात है और उन्हें बाहर जाने से रोका जा रहा है।
एक वीडियो में पूनावाला पुलिस अधिकारी से पूछते नजर आते हैं कि बिना किसी आधिकारिक दस्तावेज के उन्हें कैसे रोका जा सकता है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली पुलिस ने मुझे बिना किसी कागज के हाउस अरेस्ट कर दिया है।”
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर निशाना साधते हुए पूनावाला ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “दिल्ली पुलिस की पूरी टीम, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, मुझे घर में नजरबंद किए हुए है। नितिन गडकरी इथेनॉल से डर गए हैं।”
पूनावाला का दावा है कि एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें बताया कि उन्हें “ऊपर से आदेश” मिले हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में पुलिस अधिकारी यह कहते सुनाई देते हैं कि बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
पूनावाला ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह दिल्ली स्थित गांधी स्मृति तक पैदल मार्च करेंगे और वहां E20 पेट्रोल नीति के विरोध में मौन प्रदर्शन और भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उनकी संस्था टीम भारत इस अभियान का नेतृत्व कर रही है। संगठन की प्रमुख मांग है कि E20 के साथ-साथ शुद्ध पेट्रोल, E5 और E10 ईंधन भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी पसंद का विकल्प मिल सके।
इस बीच, संसद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) के उपयोग से वाहन के प्रकार और उसकी उम्र के आधार पर ईंधन दक्षता में 2 से 6 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि E20 से बेहतर एक्सेलेरेशन, बेहतर ड्राइविंग अनुभव और E10 की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम कार्बन उत्सर्जन होता है।
E20 नीति को लेकर राजनीतिक विरोध भी तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने इसके खिलाफ अभियान शुरू करने की घोषणा की है, जबकि दिल्ली के कई परिवहन संगठनों ने 4 अगस्त को संसद तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी को उनके पदों से हटाने की मांग किए जाने की खबरें सामने आई हैं।
फिलहाल, दिल्ली पुलिस की ओर से तहसीन पूनावाला के हाउस अरेस्ट के दावे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply