हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने के कारण Glacial Lakes का आकार लगातार बढ़ रहा है। इससे Glacial Lake Outburst Flood (GLOF) यानी ग्लेशियल झील फटने से अचानक आने वाली विनाशकारी बाढ़ का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। भूटान के उत्तर-पश्चिमी गासा जिले में स्थित शिंताफू झील से अचानक पानी का तेज बहाव आने के बाद एक बार फिर इस खतरे को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के मद्देनजर पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
शिंताफू झील मो छू नदी के उद्गम स्थल पर स्थित है और भूटान की 17 संभावित खतरनाक ग्लेशियल झीलों में शामिल है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी इस क्षेत्र में बाढ़ की घटना सामने आई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर GLOF क्या होता है और हिमालयी क्षेत्रों में इसका खतरा लगातार क्यों बढ़ रहा है?
क्या होती हैं Glacial Lakes?
Glacial Lake यानी हिमनदीय झीलें। ये झीलें ग्लेशियरों के पिघलने से निकलने वाले पानी के जमा होने के कारण बनती हैं। जब ग्लेशियर धीरे-धीरे पिघलते हैं, तो उनका पानी पहाड़ों के बीच मौजूद गड्ढों और निचले इलाकों में इकट्ठा होने लगता है।
कई बार ग्लेशियर अपने साथ बहाकर लाई गई मिट्टी, पत्थरों और अन्य मलबे को जमा कर प्राकृतिक बांध जैसा ढांचा बना देते हैं। इसके पीछे पानी इकट्ठा होकर झील का रूप ले लेता है। हिमालय जैसे ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में इस तरह की झीलें बड़ी संख्या में देखने को मिलती हैं।
क्या होता है Glacial Lake Outburst Flood (GLOF)?
Glacial Lake Outburst Flood (GLOF) एक ऐसी अचानक आने वाली बाढ़ है, जो ग्लेशियरों के पिघलने से बनी झीलों का पानी प्राकृतिक बांध टूटने या उसके ऊपर से बहने के कारण बाहर निकलने से आती है।
हिमालयी क्षेत्रों में इन झीलों के किनारे अक्सर बर्फ, मिट्टी और पत्थरों से बने प्राकृतिक बांध होते हैं। ये बांध कंक्रीट की मजबूत दीवारों की तरह नहीं होते, इसलिए इनके कमजोर पड़ने या टूटने का खतरा बना रहता है।
कैसे टूटते हैं ग्लेशियल झीलों के प्राकृतिक बांध?
ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने के कारण झीलों में पानी का स्तर लगातार बढ़ सकता है। इसके अलावा आसपास की पहाड़ियों से भूस्खलन या हिमस्खलन होने पर बड़ी मात्रा में बर्फ और पत्थर झील में गिर सकते हैं। इससे पानी में अचानक तेज लहरें उठती हैं। पानी का दबाव बढ़ने पर प्राकृतिक बांध के ऊपर से पानी बहने लगता है या बांध टूट जाता है।
इसके बाद झील का पानी तेज रफ्तार से पहाड़ों के नीचे की ओर बहता है। इस दौरान पानी अपने साथ बड़े-बड़े पत्थर, मिट्टी और मलबा भी लेकर आता है, जिससे निचले इलाकों में भारी तबाही हो सकती है।
GLOF का सबसे बड़ा खतरा यह है कि बाढ़ आने से पहले लोगों को बहुत कम समय मिल पाता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।
हिमालय में क्यों बढ़ रहा है GLOF का खतरा?
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के मुताबिक, Climate Change के कारण हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में ग्लेशियर तेजी से पीछे हट रहे हैं। ग्लेशियरों के पिघलने से कई नई ग्लेशियल झीलें बन रही हैं और पहले से मौजूद झीलों का आकार भी बढ़ रहा है।
बर्फ पिघलने की रफ्तार बढ़ने से ग्लेशियरों का आकार घट रहा है। इनसे निकलने वाला पानी पहाड़ों के बीच जमा होकर नई झीलों का निर्माण कर रहा है। इन झीलों में पानी की मात्रा बढ़ने और प्राकृतिक बांध कमजोर होने से अचानक बाढ़ का खतरा पैदा हो रहा है।
अगर इन झीलों का पानी अचानक बाहर निकलता है, तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ सड़कों, पुलों, बिजली व्यवस्था और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।
हिमालय में कितनी ग्लेशियल झीलें मौजूद हैं?
हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियल झीलों की संख्या और उनके बढ़ते आकार को समझने के लिए नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC) ने वर्ष 2011 से 2015 के बीच एक सर्वे किया था। यह अध्ययन सेंट्रल वाटर कमीशन (CWC) के क्लाइमेट चेंज डायरेक्टरेट के सहयोग से पूरा किया गया था।
इस सर्वे में सिंधु, गंगा और ब्रह्मपुत्र नदी बेसिन में मौजूद ग्लेशियल झीलों और जल निकायों की पहचान की गई थी। इसके मुताबिक:
-
सिंधु नदी बेसिन: 352 ग्लेशियल झीलें और जल निकाय।
-
गंगा नदी बेसिन: 283 ग्लेशियल झीलें और जल निकाय।
-
ब्रह्मपुत्र नदी बेसिन: 1,393 ग्लेशियल झीलें और जल निकाय।
इन आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियल झीलों की निगरानी कितनी जरूरी है। इन झीलों के आकार में होने वाली वृद्धि भविष्य में GLOF जैसी विनाशकारी घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती है।
GLOF के खतरे को कैसे कम किया जा सकता है?
ग्लेशियल झीलों से होने वाले खतरे को समय रहते पहचानने के लिए NDMA ने सैटेलाइट तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया है। इसके तहत Synthetic Aperture Radar (SAR) इमेजरी की मदद से मानसून के दौरान झीलों में होने वाले बदलावों पर नजर रखी जा सकती है।
इस तकनीक से नई ग्लेशियल झीलों के बनने और पहले से मौजूद झीलों के आकार में होने वाले बदलावों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। NDMA का सुझाव है कि ऐसी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए, जिसके जरिए पूरे साल अंतरिक्ष से इन झीलों पर नजर रखी जा सके। इससे जमीन पर लगाए जाने वाले Early Warning System को भी मजबूत बनाया जा सकता है।
इसके अलावा संवेदनशील ग्लेशियल झीलों के आसपास सेंसर और चेतावनी प्रणाली स्थापित करना जरूरी है, ताकि बाढ़ की आशंका होने पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सूचना मिल सके।
आपदा से निपटने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित रास्ते, राहत केंद्र और नियमित Mock Drills की व्यवस्था भी होनी चाहिए। समय पर निगरानी, बेहतर चेतावनी प्रणाली और स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारी से GLOF के कारण होने वाले जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


Leave a Reply