उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आने वाले दिनों में भी प्रदेशवासियों को खराब मौसम से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत और चमोली में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में दो नवंबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, चमोली सहित इन जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की आशंका है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को किया अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने शुक्रवार को विभिन्न जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। सचिव ने निर्देश दिए कि खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। साथ ही यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जाएं।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर रहेगी नजर
सचिव विनोद कुमार सुमन ने मौसम संबंधी चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखा जाए, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने आम लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों, जलधाराओं तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
आपदा की सूचना के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या आपदा संबंधी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, मोहित माथुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर प्रदेश में मौसम की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।


Leave a Reply