
Delhi-NCR Air Pollution: दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली समेत आसपास के शहरों में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। मंगलवार सुबह आठ बजे दिल्ली का कुल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 451 दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है। वहीं, नोएडा के सेक्टर-62 में भी एक्यूआई 404 दर्ज किया गया। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने में परेशानी हो रही है।
दिल्ली के किन इलाकों में AQI 400 के पार?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मंगलवार सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है।
राजधानी के रोहिणी में सबसे अधिक 429 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, पंजाबी बाग में 424 और बवाना में 408 एक्यूआई रहा। इन तीनों इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
इसके अलावा, पटपड़गंज में एक्यूआई 379, आरके पुरम में 374, आईटीओ में 373 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 355 दर्ज किया गया। ओखला फेज-2 और चांदनी चौक में यह आंकड़ा 352 रहा, जबकि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक्यूआई 328 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।
अक्षरधाम से आनंद विहार तक प्रदूषण का असर
दिल्ली के अन्य प्रमुख इलाकों में भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, अक्षरधाम मंदिर के आसपास एक्यूआई 373 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एक्यूआई 287, आनंद विहार में 279 और उत्तम नगर में 274 रहा। आईएमडी लोधी रोड पर प्रदूषण का स्तर 226 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
नोएडा में भी जहरीली हवा, सेक्टर-62 का AQI 404
दिल्ली के साथ नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। यहां सेक्टर-62 में एक्यूआई 404 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
इसके अलावा, नोएडा के सेक्टर-39 में एक्यूआई 365 और सेक्टर-150 में 343 रिकॉर्ड किया गया। दोनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बढ़ता प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन गया है।
प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए GRAP-2 के प्रतिबंध लागू
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बिगड़ने और एक्यूआई के 300 के पार पहुंचने के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।
प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर नियंत्रण रखने और उत्सर्जन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लगी दिल्ली की सीमाओं पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है।
दिवाली से पहले बढ़ी प्रदूषण की चिंता
दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता का इस स्तर तक बिगड़ना चिंता बढ़ाने वाला है। कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंचने से लोगों के लिए सामान्य रूप से बाहर निकलना भी मुश्किल हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, गंभीर और बहुत खराब श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहने से सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण के मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा पर सभी की नजर बनी रहेगी।

Leave a Reply