चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव से घरों में पानी घुस गया है, जबकि किसानों की खड़ी फसलें भी बर्बाद हो गई हैं। बिगड़ते हालात के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की मदद करने और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग देने की अपील की है। वहीं, राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
प्रियंका गांधी ने जताई चिंता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की अपील
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चक्रवात से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं आंध्र प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित लोगों और ओडिशा में भारी बारिश एवं बाढ़ का सामना कर रहे परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने सभी लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने की अपील की। साथ ही राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने सरकार से मांगी तत्काल राहत
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी आंध्र प्रदेश और ओडिशा में खराब मौसम से हुए नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कई लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, जबकि कई परिवारों के घर उजड़ गए हैं और उनकी आजीविका पर संकट आ गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सरकारों को बिना देरी किए प्रभावित लोगों तक राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंचानी चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
अमित शाह ने चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित राज्यों के साथ खड़ी है और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शाह के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। केंद्र सरकार की ओर से हालात से निपटने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
रेलवे पुल के नीचे भरा पानी, नौ ट्रेनें रद्द
चक्रवात और लगातार हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण एक रेलवे पुल के नीचे पानी का स्तर तेजी से बढ़ने लगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे (SCOR) ने विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है।
इस फैसले के चलते कम दूरी की करीब नौ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि लगभग 16 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ओडिशा के गजपति जिले में बाढ़ जैसे हालात, गांवों में घुसा पानी
ओडिशा के गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार से हो रही बारिश के चलते महेंद्रतनया नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
गोशानी ब्लॉक के बाघासाला, भिननाला और बापूजी पेन्थ समेत कई इलाकों में पानी घुस गया है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से खेतों में भी पानी भर गया है। कई गांवों तक बाढ़ का पानी पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
छत्तीसगढ़ में किसानों की फसलें प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी
चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply