नाबालिग को भगा ले जाने वाला आरोपित गिरफ्तार, युवती बरामद

हरिद्वार, 11 अप्रैल । पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले पांच हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत नाबालिग को बरामद कर लिया गया है।

पुलिस टीम से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात आरोपित को सुभाषगढ़ तिराहे से गिरफ्तार किया गया। साथ ही नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित अभिषेक निवासी ग्राम ब्रह्मपुर, कोतवाली रुड़की,हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

घटना 21 जनवरी 2026 की है, जब पीडि़ता के परिजनों ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी,लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलता रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों,संदिग्ध व्यक्तियों,वाहनों एवं ईनामी अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पथरी थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *