भारत मंडपम में विदेशी मेहमानों को भाया भारत का Digital Payment Model: छोटे दुकानदारों के QR Code से भुगतान ने खींचा ध्यान, भारतीय बाजार की संभावनाएं भी जानीं

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार भारतीय उत्पादों के साथ देश का Digital Payment Model भी विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दिल्ली के भारत मंडपम में लगे देशी और विदेशी मंडपों में खरीदारी के दौरान जगह-जगह लगे QR Code भारत में तेजी से बदलते कारोबारी तौर-तरीकों की झलक दिखा रहे हैं। खास बात यह है कि डिजिटल भुगतान की सुविधा अब केवल बड़े शोरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे दुकानदार और स्टॉल संचालक भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।

कई देशों के प्रतिनिधि समझ रहे भारत का डिजिटल सिस्टम

मेले में थाईलैंड, घाना, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात और अफगानिस्तान समेत कई देशों के कारोबारी और प्रतिनिधि पहुंचे हैं। विदेशी मेहमान भारतीय उत्पादों की विविधता और बाजार की संभावनाओं को समझने के साथ ही यहां की Digital Payment System को भी करीब से देख रहे हैं।

मेले में खरीदारी के दौरान छोटे-बड़े स्टॉल पर QR Code के जरिए भुगतान की सुविधा देखकर विदेशी प्रतिनिधि काफी प्रभावित हैं। उनका मानना है कि भारत में डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल जिस तेजी से बढ़ा है, वह कारोबारी लेनदेन को आसान और तेज बनाने का उदाहरण है।

स्टार्टअप की सफलता के लिए बाजार को समझना जरूरी

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में नए कारोबार को सफल बनाने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज खरवाल ने कहा कि केवल पूंजी जुटा लेना किसी Startup की सफलता की गारंटी नहीं है।

उन्होंने बताया कि कारोबार शुरू करने से पहले बाजार की मांग, ग्राहकों की जरूरत, लागत और प्रतिस्पर्धा का विश्लेषण करना बेहद जरूरी है। सही योजना और बाजार की समझ के आधार पर ही किसी नए कारोबार को सफल बनाया जा सकता है।

विदेशी मेहमानों ने की भारत के डिजिटल भुगतान मॉडल की तारीफ

मेले में पहुंचे विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय बाजार और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

– हाजी मुस्तफा, अफगानिस्तान: भारतीय उत्पादों की विविधता के साथ खरीदारी की तेज प्रक्रिया भी काफी अच्छी है। ऐसी सुविधा हमारे देश में भी हो तो क्या ही कहने!

– निरान चायापोर्न, थाईलैंड: भारत में छोटी दुकानों पर भी QR Code से भुगतान की सुविधा देखना मेरे लिए काफी दिलचस्प है।

– गोकुल राना, नेपाल: भारत मंडपम में लगभग हर कोई QR Code से खरीदारी कर रहा है। मैंने किसी दूसरे देश में ऐसा नहीं देखा, जहां छोटे दुकानदार भी इतनी तेजी से नई तकनीक अपना रहे हों।

– क्वामे मेंसाह, घाना: मेले में कारोबार और उत्पादों के साथ भारतीय खरीदारी के नए तरीकों को समझने का अवसर मिला। इससे मैं काफी उत्साहित हूं।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में विदेशी मेहमानों की दिलचस्पी यह दिखाती है कि भारतीय उत्पादों के साथ देश का Digital India Model, डिजिटल भुगतान और छोटे कारोबारियों द्वारा तकनीक को अपनाने का तरीका भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *