कोटद्वार: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित मेहरगांव (भलगांव) में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर बढ़कर खतरे की स्थिति के करीब पहुंच गया है। सरुड़ा गांव में पंचायत घर और खोह नदी के किनारे बने मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
नदी का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में खतरा
लंगूरगाड़ नदी के बढ़ते प्रवाह के कारण सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला भी खतरे की जद में है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, एनएच-534 पर कई जगह भूस्खलन होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। कई मार्गों पर आवाजाही ठप है, जबकि रपटों में जलस्तर बढ़ने से भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
कल्पेश्वर मंदिर के पास भारी भूस्खलन
ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में स्थित कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भी भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आए मलबे के कारण मंदिर परिसर और आसपास का इलाका प्रभावित हुआ है।
लगातार मूसलाधार बारिश के कारण मंदिर क्षेत्र में काफी मलबा जमा हो गया है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है और फिलहाल मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मलबा हटाने के बाद ही रास्ता पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है।
देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के बेहद तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तराखंड में 91 सड़कें बंद
बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़कें बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अल्मोड़ा में 5, बागेश्वर में 12, चमोली में 15, चंपावत में 1, देहरादून में 7, नैनीताल में 12, पौड़ी में 5, पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में 7 तथा टिहरी और उत्तरकाशी में 8-8 मार्ग बंद हैं।
लगातार बारिश के कारण कई नदियों और गदेरों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की जा रही है।


Leave a Reply