
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के तीन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट और चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में 12वीं तक के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन को इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे पूरे प्रदेश के लिए संवेदनशील रहेंगे। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अन्य सभी जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
115 सड़कें बंद, यातायात प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेशभर में सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 115 सड़कें बंद हैं।
पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से अवरुद्ध है। इसके अलावा जिले में 12 ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं। देहरादून में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण मार्ग, अल्मोड़ा में 13, रुद्रप्रयाग में तीन, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार तथा टिहरी में एक राज्य मार्ग और 13 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक 31 सड़कें पौड़ी जिले में अवरुद्ध हैं, जिनमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।
कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply