महिला का सर धड़ से अलग करने वाला गुलदार ढेर

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज अंतर्गत कोट ब्लॉक के बाडियू गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। 59 वर्षीय महिला प्रभा देवी, पत्नी मातबर सिंह, मवेशियों के लिए चारा (घास) लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे एक गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। गुलदार ने महिला को घसीटकर पास के खंडहर पड़े पुराने मकान में ले जाकर क्रूरता से मार डाला और उनका सिर धड़ से अलग कर दिया।घटना के बाद गुलदार मौके पर ही चहलकदमी करता रहा और किसी भी व्यक्ति पर हमला करने को तैयार दिख रहा था। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर भी वह खंडहर के पास झाड़ियों में छिपा हुआ था।

गुलदार का हमला और शूटरों की कार्रवाई

वन विभाग की टीम और शूटर घटनास्थल पर पहुंचे। गुलदार ने शूटरों पर भी हमला करने की कोशिश की। सुरक्षा के मद्देनजर और ग्रामीणों की जान बचाने के लिए शूटरों ने आत्मरक्षा में गुलदार को मौके पर ही गोली मारकर ढेर कर दिया।

 

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार बेहद आक्रामक था और महिला के शव के पास से हटने का नाम नहीं ले रहा था। भीड़ बढ़ने के कारण किसी अन्य व्यक्ति पर हमले का खतरा मंडरा रहा था। इसलिए अंतिम विकल्प के रूप में गुलदार को मारना पड़ा।

ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश

इस घटना के बाद पूरे बाडियू गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में एक मादा गुलदार अपने दो शावकों के साथ लगातार घूम रही है, जिससे महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने वन मंत्री और स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि गुलदार के बार-बार हो रहे हमलों के बावजूद अब तक कोई उच्च अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने डीएफओ, एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारियों को घेर लिया। महिला का शव घंटों तक नहीं उठने दिया गया। आखिरकार शाम करीब 7 बजे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा सका।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि मौके पर टीम तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मादा गुलदार और उसके शावकों को ट्रैक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *