एक्शन: एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के आदेश पर देहरादून में चार अवैध भवन सील

देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) का अभियान लगातार जारी है। प्राधिकरण ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में चार अवैध भवनों को सील कर दिया है। इनमें बहुमंजिला फ्लैट और डुप्लैक्स भवन शामिल हैं, जिनका निर्माण बिना स्वीकृति और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था।

एमडीडीए की टीम द्वारा किए गए क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान कई निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राधिकरण ने संबंधित भवनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया

निर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक

प्राधिकरण ने सभी संबंधित स्थलों पर चल रही निर्माण गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। साथ ही भवन स्वामियों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगा अभियान

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना मानचित्र स्वीकृति, भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से भी भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *