कर्तव्य पालन के दौरान पुलिसकर्मी टेक चंद का निधन

नैनीताल, 31 मई । नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का कर्तव्य पालन के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुई इस घटना से नैनीताल पुलिस सहित पूरे पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।

रविवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कार्मिकों ने दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक को हल्द्वानी स्थित शव गृह में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग की ओर से सभी देयकों का शीघ्र भुगतान तथा परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।

इस अवसर पर अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की गयी। इसके उपरांत दिवंगत टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लंकुरा, बाजपुर ले जाया गया, जहां उन्हें पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह व मुखानी के थानाध्यक्ष सुशील जोशी सहित अनेक अधिकारी एवं पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।

बताया गया कि मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का जन्म 5 जनवरी 1972 को हुआ था तथा उन्होंने 2 अप्रैल 1991 को पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। लगभग 35 वर्ष के सेवाकाल में उन्होंने 9 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 2008 से वह नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में कार्यरत थे।

नैनीताल पुलिस ने अपने इस कर्तव्यनिष्ठ साथी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी सेवाओं को सदैव स्मरण रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *