प्रशिक्षणार्थी रिक्रुट कांस्टेबल्स ने सीखे आपदा राहत व रेस्क्यू के गुर

हरिद्वार, 30 मई: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की पहल पर पुलिस लाइन प्रशिक्षण केंद्र में 15वीं बटालियन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम द्वारा विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रशिक्षणाधीन रिक्रुट आरक्षियों को आपदा राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रिक्रुट कांस्टेबल्स को आपदाग्रस्त क्षेत्रों में फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने, राहत सामग्री पहुंचाने, रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की तकनीकों की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने आपदा के समय उपयोग में आने वाले विभिन्न उपकरणों के संचालन, रखरखाव तथा उनमें आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के बारे में भी प्रशिक्षुओं को अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रशिक्षुओं को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हो सके।

उत्तराखंड की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं के दृष्टिगत अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में राज्य की कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों के लिए नियमित पुलिस प्रशिक्षण के साथ-साथ आपदा राहत एवं बचाव कार्यों का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *