देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति, सामाजिक जीवन तथा देशभर में शोक की लहर व्याप्त है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी जी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सेना में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और सैन्य जीवन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने के बाद भी खंडूड़ी जी ने उत्तराखण्ड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेशहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनसे राज्य के विकास को नई दिशा मिली। उनकी प्रशासनिक क्षमता और जनकल्याणकारी सोच के कारण वे जनता के बीच अत्यंत सम्मानित नेता के रूप में स्थापित हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी की सादगी, स्पष्टवादिता और कार्यकुशलता सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने राजनीति में स्वच्छ छवि और नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा, जिसके कारण वे सभी वर्गों में लोकप्रिय रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन केवल उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा एवं राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
