पिथौरागढ़ भ्रमण पर मुख्यमंत्री ने बेरीनाग में की जनता से चर्चा

बेरीनाग, 08 मई । पिथौरागढ़ भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेरीनाग बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने दुकानदारों, महिलाओं और युवाओं से चर्चा की तथा भाजपा कार्यकर्ता के पिता के निधन पर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी रहे।

मुख्यमंत्री के बाजार पहुंचने से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उन्होंने दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारी दान सिंह मेहरा की दुकान पर रुककर जलेबी का स्वाद भी लिया ।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हितों और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा जनता से सीधा संवाद सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक बाजार राज्य की पहचान हैं और इन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार की स्थानीय लोगों ने सराहना की। बाजार में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दाैरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेरीनाग पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ता लाल सिंह कोरंगा के आवास पर उनके पिता स्वर्गीय चंदन सिंह कोरंगा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बंधाया। स्वर्गीय चंदन सिंह कोरंगा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *