जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। इनमें टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लतीफ भट पर हाल ही में सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले में शामिल होने का शक था।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। सोमवार को हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल हो सकता है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि लतीफ भट का नाम पिछले बुधवार को कुलगाम के नौपोरा अखरन इलाके में सीआरपीएफ के सुरक्षा नाके पर हुए हमले में सामने आया था। हमले के बाद से ही सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
सीआरपीएफ के नाके पर आतंकियों ने की थी फायरिंग, तीन जवान घायल
कुलगाम जिले के नौपोरा अखरन इलाके में बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे दो आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर हमला किया था। दोनों आतंकी पैदल पहुंचे थे और उन्होंने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी थी।
इस दौरान सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। सभी को इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया था।
घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंद्रू के रूप में हुई थी। सोमवीर सिंह के बाएं हाथ और राकेश दास के पैर में गोली लगी थी। दोनों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
वहीं, कांस्टेबल संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोलियां लगी थीं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया था।
पोस्टर जारी होने के तीन दिन बाद हुआ था हमला
कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर हमला होने से तीन दिन पहले ही श्रीनगर के लाल चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर चार वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए गए थे।
इन पोस्टरों में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट के अलावा सोपोर के बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और बारामुला के आबिद कयूम लोन की तस्वीरें और पते सार्वजनिक किए गए थे।
इन आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने अभियान तेज किया हुआ है। पोस्टर जारी होने के तीन दिन बाद ही बुधवार को कुलगाम के अखरन इलाके में सीआरपीएफ के नाके पर हमला हो गया था।
लतीफ भट पर घोषित था 15 लाख रुपये का इनाम
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मोहम्मद लतीफ भट की तलाश के लिए 5 अगस्त को श्रीनगर और दक्षिण कश्मीर में पोस्टर लगाए गए थे। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लतीफ पर 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके अलावा 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों पर हुए हमले में भी उसकी संलिप्तता की बात सामने आई थी।
बताया जाता है कि लतीफ भट 19 नवंबर 2025 को अपने घर से लापता हुआ था। इसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में सक्रिय हो गया था।
फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है और मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


Leave a Reply