
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पदयात्रा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से यह कार्यक्रम मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के आरोपों के जवाब में आयोजित किया जा रहा है। इस पदयात्रा में वकील, डॉक्टर, बुद्धिजीवी, पार्टी कार्यकर्ताओं समेत हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पदयात्रा के जरिए भाजपा कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश करेगी।
अमित शाह की पदयात्रा सोमवार दोपहर बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होगी। यहां से मार्च मोजामजाही मार्केट तक जाएगा। पदयात्रा के समापन पर अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे।
चारमीनार के भाग्यलक्ष्मी मंदिर में करेंगे पूजा
पदयात्रा शुरू करने से पहले अमित शाह हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर पहुंचेंगे। यहां वह पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पदयात्रा में शामिल होंगे।
इससे पहले रविवार को केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने पदयात्रा के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया। भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पदयात्रा में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के मुताबिक, इस पदयात्रा में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल होंगे। इनमें वकील, डॉक्टर, बुद्धिजीवी, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हैं।
भाजपा इस आयोजन के माध्यम से SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देगी। मोजामजाही मार्केट में पदयात्रा समाप्त होने के बाद अमित शाह लोगों को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में INDIA गठबंधन ने BJP के खिलाफ की थी रैली
अमित शाह की हैदराबाद में होने वाली पदयात्रा ऐसे समय आयोजित हो रही है, जब रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन ने भाजपा के खिलाफ रैली की थी। गठबंधन के नेताओं ने चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए भाजपा को सत्ता से हटाने की अपील की थी।
इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाएगा और देशद्रोह के आरोप में जेल भेजा जाएगा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
ऐसे में हैदराबाद में अमित शाह की पदयात्रा को भाजपा के SIR अभियान और कांग्रेस के आरोपों के खिलाफ एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply